ऋषिकेश में नीलकंठ महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर लौट रही हरियाणा के तीन बुजुर्ग महिला कावड़ यात्री अपने साथियों से बिछड़ गई। नटराज चौक पर परेशान बुजुर्ग महिलाओं को देख पुलिस ने उनके बारे में जानकारी जुटाई। महिलाएं पूरी जानकारी नहीं दे पा रही थी। इसके बाद पुलिस ने गूगल सर्च के मदद से उनके गांव के सरपंच से संपर्क किया।
इसके बाद उन्हें अपने सह यात्रियों से मिलवाया गया। पुलिस को नटराज चौक पर तीन बुजुर्ग महिलाएं काफी परेशान हालत में दिखाई दी। कावड़ ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों ने जब उनसे जानकारी ली तो उन्होंने अपना नाम मेवा, बतासी और मिश्री निवासी नौरंगाबाद गुर्जरों की ढाणी तिलोडी हरियाणा बताया।
बुजुर्ग महिलाओं ने बताया कि गांव की 11 अन्य महिलाओं के साथ वह कावड़ यात्रा पर आई थी। गाड़ी को किसी पार्किंग में उन्होंने खड़ा कर दिया जिसके बाद वह सभी जलाभिषेक के लिए नीलकंठ मंदिर चले गए लेकिन वापस आते समय वह तीनों अपने साथियों से बिछड़ गई।
पार्किंग की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी और उनके पास कोई मोबाइल नंबर, थाना और जिले के बारे में भी स्पष्ट जानकारी नहीं थी। केवल गांव की जानकारी देने पर पुलिस कर्मियों ने गूगल पर सर्च करके उनके संबंधित थाने में इस बारे में जानकारी दी। संबंधित थाने में बात करने के बाद महिलाओं के गांव के सरपंच से उनके बारे में जानकारी जुटाई और पिकअप वाहन के चालक का मोबाइल नंबर लिया गया।
चालक ने बताया कि तीनों महिलाओं को वह काफी समय से तलाश कर रहे थे। कोतवाली की गाड़ी से उन्हें आइडीपीएल पार्किंग में उस जगह पहुंचाया गया जहां वाहन पार्क था। ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि बुजुर्ग महिलाओं को उनके स्वजनों तक पहुंचा दिया गया।
