नागपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है जहां महज भिंडी की सब्जी को लेकर मां से झगड़ा करने के बाद एक 17 साल का लड़का घर छोड़कर भाग गया। जानकारी के मुताबिक लड़के को भिंडी बिल्कुल पसंद नहीं थी और इसको लेकर वह पहले भी अपनी मां से कई बार उलझ चुका था। 10 जुलाई की रात एक बार फिर इसी बात पर घर में कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर लड़का रात करीब 11 बजे घर से निकल गया और सीधा दिल्ली जाने वाली ट्रेन पकड़ ली।
रात भर जब वह घर नहीं लौटा तो घबराए परिवार वालों ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। इसके बाद कोतवाली थाने की टीम ने इंस्पेक्टर ललिता तोडसे के नेतृत्व में जांच शुरू की। पुलिस को जानकारी मिली कि लड़का दिल्ली में अपने कुछ दोस्तों के संपर्क में है। इसी आधार पर टीम ने दिल्ली जाकर उसे ढूंढ निकाला।
मानव तस्करी रोधी इकाई की मदद से पुलिस ने लड़के को सुरक्षित बरामद किया और वापस नागपुर ले आई। घर लौटने के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाया और परामर्श दिया ताकि वह दोबारा ऐसा कदम न उठाए। फिलहाल लड़का अपने परिवार के साथ है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
