पत्नी के शक से परेशान पति बना हत्यारा, जंगल में जलाया शव, फिर दर्ज कराई गुमशुदगी

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर जंगल में एक महिला का जला हुआ कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस…

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर जंगल में एक महिला का जला हुआ कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई थी। पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला की हत्या उसके ही पति ने की थी। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए जीआरपी थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।

21e7b59e-b909-45ce-800c-4b81d0841272

मध्य प्रदेश के शहडोल जीआरपी थाने के सहायक उप निरीक्षक देवनारायण बिजोरिया ने लखनपुर थाने को सूचना दी थी कि 32 वर्षीय अमरीश कुमार निषाद, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरपुर का निवासी है, ने 14 फरवरी 2025 को अपनी 28 वर्षीय पत्नी मोनी निषाद राज की गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। अमरीश ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ अनूपपुर से कटनी जा रहा था, तभी ट्रेन में उसकी पत्नी फ्रेश होने के लिए गई और वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब वह नहीं मिली, तो उसने शहडोल जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस जांच में पता चला कि मोनी निषाद को शक था कि उसके पति के किसी और महिला से संबंध हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था। लगातार झगड़ों से परेशान होकर अमरीश ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 11 फरवरी को वह उसे घुमाने के बहाने छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लखनपुर के कुंवरपुर जंगल में सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने पहले पत्नी का गला घोंटा और फिर शव को पेट्रोल डालकर जला दिया।

जब पुलिस ने अमरीश से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से महिला का जला हुआ कंकाल बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लखनपुर थाना में धारा 103(1) और 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।