नई दिल्ली: राज्यो ने अपने यहां लगी पाबंदियों में ढील देने शुरू कर दी है। ज्यादातर राज्यों ने जून के पहले हफ्ते से अपनी गतिविधियों में रियायतें देनी शुरू कर दी थी। दो महीनों से बंद उत्तर प्रदेश में आज से रेस्टोरेंट्स और होटल खुलने जा रहे हैं। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी सोमवार 21 जून से लोग अब पार्कों में मॉर्निग और इवनिंग वॉक कर सकेंगे। इसके अलावा कई अन्य राज्यों में भी बंद पड़ी दुकानें खुलने जा रही है।
दूसरी लहर में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो गई। रोज़ाना के मामलों को देखते हुए राज्य सरकारों को लॉकडाउन जैसी पाबंदियां लागू करनी पड़ी थीं, जिसे अब धीरे-धीरे करके हटाया जा रहा है। 21 जून से कई राज्यों में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
दिल्ली में आज से खुलेंगी दुकानें
सोमवार से रेस्टोरेंट, बार, पब्लिक पार्क्स और उद्यानों को खोलने की इजाजत दे दी गई है। दोपहर 12 बजे से लेकर रात 10 बजे तक दिल्ली के बार खोलने की अनुमति दी गई है। हालांकि, 50 फीसदी लोगों को जाने की ही अनुमति मिलेगी। साथ ही इस दौरान लोगों को कोरोना के प्रोटोकॉल्स का सख्ती से पालन करना होगा।
उत्तर प्रदेश में ये हुई अनलॉक
योगी सरकार ने कोरोना के घटते मामले को देखते हुए लॉकडाउन में छूट देनी शुरू कर दी । राज्य में पांच दिनों तक दुकानों, बाजारों को सुबह सात बजे से लेकर रात 9 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है। साप्ताहिक लॉकडाउन लागू रहेगा। इसस पहले दुकानों और बाजार खोलने की अनुमति सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक थी, लेकिन सरकार ने इसमें रियायत दी है। इसके अलावा रेस्टोरेंट्स, होटल्स और पब खोले जाने की भी इजाजत दी गई है। वहीं सोमवार से सरकारी और निजी कंपनियों के दफ्तर पूरी उपस्थिति के साथ खुल गए हैं।
कर्नाटक में भी छूट
सरकार ने सुबह 7 बजे से शाम पांच बजे तक सभी दुकानों को खोलने की इजाजत दी है। होटल में बिना एसी चलाए 50 फीसदी क्षमता के साथ लोग रह सकते हैं। आउटडोर शूटिंग की इजाजत दे दी गई है। मेट्रो भी 50 फीसदी क्षमता के साथ चल सकेगी। प्राइवेट कंपनियों में 50 फीसदी कर्मचारी दफ्तर आ सकेंगे। हालांकि, राज्य के उन 13 जिलों में जहां पर पॉजिटिविटी रेट ज्यादा है, वहां पर लॉकडाउन जारी रहेगा।
आंध्र प्रदेश में रहेगा लॉकडाउन
आंध्र प्रदेश में लॉकडाउन को 30 जून तक बढ़ा दिया गया है। जिला प्रशासन की ओर से सुबह 6 बजे से लेकर शाम छह बजे तक दुकानों और बाजारों को खोलने का आदेश दिया गया है। हालांकि, नाइट कर्फ्यू शाम छह बजे से लेकर सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। सरकारी दफ्तर तय समय पर खुल सकेंगे और सभी कर्मचारियों को ऑफिस जाना होगा।

