व्हाट्सऐप आज के समय में लोगों की रोजमर्रा की जरूरत बन चुका है। बड़े ही नहीं, छोटे बच्चे और किशोर भी इस इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के जरिए घरवालों और दोस्तों से जुड़े रहते हैं। हालांकि कई बार यही ऐप बच्चों तक ऐसे कंटेंट पहुंचा देता है, जिसे देखना उनकी उम्र के लिहाज़ से ठीक नहीं माना जाता। इस वजह से तमाम माता पिता चाहते हुए भी अपने बच्चों को इस प्लेटफॉर्म से दूर रखने की कोशिश करते हैं।
इसी समस्या का समाधान पेश करते हुए व्हाट्सऐप अब एक नया फीचर लेकर आ रहा है, जिसे पेरेंट मैनेज्ड अकाउंट्स नाम दिया गया है। यह फीचर आने वाले अपडेट के साथ सभी यूजर्स को उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य छोटे बच्चों के लिए डिजिटल दुनिया को सुरक्षित बनाना है।
पेरेंट मैनेज्ड अकाउंट्स
फीचर के तहत माता पिता को अपने 13 साल से कम उम्र के बच्चों के व्हाट्सऐप अकाउंट पर पूरी निगरानी का अधिकार मिलेगा। इससे वे यह देख सकेंगे कि बच्चा ऐप का इस्तेमाल किस तरह कर रहा है और किन लोगों से बातचीत कर रहा है। मेटा की ओर से कहा गया है कि इस फीचर का मकसद बच्चों को सीमित और सुरक्षित ऑनलाइन वातावरण देना है, जहां वे सिर्फ भरोसेमंद कॉन्टैक्ट्स के साथ चैट या वॉयस कॉल कर सकें।
इस फीचर के एक्टिव होने पर बच्चे केवल सेव किए गए नंबरों से ही संपर्क कर पाएंगे। किसी भी अनजान व्यक्ति का उन्हें मैसेज या कॉल करना संभव नहीं होगा। इसके अलावा बच्चों के अकाउंट में स्टेटस अपडेट, चैनल्स, मेटा एआई और डिसअपीयरिंग मैसेज जैसे फीचर्स उपलब्ध नहीं रहेंगे।
माता पिता को यह सुविधा भी मिलेगी कि अगर बच्चा अपने व्हाट्सऐप में किसी कॉन्टैक्ट को सेव, ब्लॉक या रिपोर्ट करेगा, तो उनकी स्क्रीन पर तुरंत नोटिफिकेशन आ जाएगा। यानी हर गतिविधि की जानकारी उन्हें मिलती रहेगी।
इस फीचर को सेट करने के लिए माता पिता को बच्चों के फोन के साथ मौजूद रहना होगा। प्रक्रिया के दौरान QR कोड स्कैन कर दोनों अकाउंट आपस में लिंक किए जाएंगे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन में बच्चे की जन्मतिथि दर्ज करनी होती है। अगर उम्र 13 साल से ज्यादा हुई तो यह फीचर अपने आप निष्क्रिय हो जाएगा।
