shishu-mandir

Pithoragarh- गतिविधियों के ज़रिए छात्रों ने जानी नागरिक शास्त्र की अवधारणाएं

editor1
2 Min Read
Screenshot-5

पिथौरागढ़। स्टैफ़र्ड पब्लिक स्कूल, पिथौरागढ़ में आरंभ स्टडी सर्कल की ओर से ‘संविधान निर्माण’ पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा दस के 40 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यशाला में गतिविधियों के ज़रिए छात्र-छात्राओं को क़ानून निर्माण और उसके पीछे अंतर्निहित प्रक्रियाओं से अवगत कराते हुए संवैधानिक मूल्यों से परिचित करवाने की कोशिश की गई।

new-modern
gyan-vigyan

कार्यशाला के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए आशीष ने बताया कि नागरिक शास्त्र की पुस्तकों में बहुत से ऐसे पाठ शामिल होते हैं जो नागरिक अधिकारों के बारे में जानकारी देते हैं और ऐसी गतिविधियाँ उन पाठों और अवधारणाओं को दैनिक ज़िंदगी से जोड़ने का कार्य करती हैं।
कार्यशाला में उन्हें एक काल्पनिक स्थिति दी गई थी जिसके आधार पर छात्र-छात्राओं को शांतिपूर्ण सहअस्तित्व के लिए नियमों का निर्माण करना था। छात्र छात्राओं को गतिविधि के लिए 7 समूहों में बांटा गया था।

समूह में नियम क़ानून बनाने की ज़रूरत और प्रक्रिया को समझने के बाद छात्र-छात्राओं ने अपने अपने बिंदुओं को सभी के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रस्तुतीकरण के बाद छात्र-छात्राओं के बीच इन बिंदुओं पर व्यापक चर्चा करवाई गई और संसदीय प्रक्रिया से रूबरू करवाया गया।
अंत में आपस में बातचीत व वाद-विवाद के ज़रिए सभी ने स्व-निर्मित प्रावधानों को पेश किया व अन्य समूहों द्वारा जाहिर जिज्ञासाएं व प्रश्नों का भी उचित उत्तर दिया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य कविता देवलाल ने कहा कि यह गतिविधियां लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की महत्ता समझने में सहायक हैं और बच्चों के पाठ्यक्रम की विषयवस्तु को साकार कर देती है। ऐसी गतिविधि के आयोजन के लिए उन्होंने आरंभ स्टडी सर्कल का आभार जताया।

आरंभ की शीतल सामंत ने बताया कि इस कार्यशाला के ज़रिए बच्चों तक नागरिक शास्त्र की सही समझ विकसित करने की कोशिश है और आगामी सप्ताहों में कार्यशाला के अगले चरणों को भी आयोजित कर इसे व्यापक रूप दिया जाएगा। कार्यशाला संयोजन में आरंभ के महेंद्र, अभिषेक व शीतल शामिल थे।