नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। यहां अज्ञात हमलावरों ने करीब 22 वर्ष की एक युवती और लगभग 30 वर्ष के एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। घटनास्थल की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि या तो किसी के मन में इनके प्रति गहरी दुश्मनी थी या फिर किसी विवाद का बदला लेने के लिए इस अपराध को अंजाम दिया गया। दोनों के सिर जिस तरह पत्थर से कुचलकर तोड़े गए हैं, उससे हमला बेहद नृशंस दिखाई देता है।
शवों के पास ही बड़ा और भारी पत्थर मिला है, जिस पर खून के निशान साफ दिखाई देते हैं। फॉरेंसिक टीम ने पत्थर को महत्वपूर्ण सबूत मानकर कब्जे में ले लिया है। दोनों के चेहरे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण पहचान करना मुश्किल हो गया था। हालांकि मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा निवासी शुभम कुमार टम्टा के रूप में हो गई है। उसकी जेब से पुलिस को आधार कार्ड मिला, जिसमें दर्ज नंबर से संपर्क कर जानकारी जुटाई गई। वहीं युवती की पहचान अब भी स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस विभिन्न माध्यमों से उसकी जानकारी निकालने की कोशिश कर रही है।
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी सिटी भी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस मंडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह दो शव मिलने की सूचना मिली थी और शुरुआती जांच में दोनों की पत्थर से कुचलकर हत्या की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को साक्ष्य जुटाने में लगाया गया है। युवक की शिनाख्त हो चुकी है जबकि युवती की पहचान के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
